Thursday, December 11, 2014

अफ़ज़ल खान की जीत

महाराष्ट्र के विधान सभा चुनाव के दौरान भाजपा-शिव सेना गठबंधन को तोड़ते हुए शिव सेना ने भाजपा पर अफ़ज़ल खान की सेना होने का आरोप लगाया था। उस समय शिव सेना चुनाव में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थी और महाराष्ट्र में वरिष्ठ हिंदुत्ववादी पार्टी होने का उसे घमंड भी था।

चुनाव परिणाम आते ही शिव सेना की सारी आशाएँ चौपट हो गईं, क्योंकि इतिहास को नकारते हुए अफ़ज़ल खान की सेना शिव सेना पर विजय हासिल कर गई। जैसा कि हारी हुई सेना के साथ अक्सर होता है, शिव सेना को अपनी हार के बाद एक के बाद एक करके अनेक अपमान सहने पड़े। शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने उम्मीद की थी कि चूँकि चुनाव में स्पष्ट बहुमत किसी भी पार्टी को नहीं मिला है, भाजपा उसके सहयोग के बिना सरकार नहीं बना पाएगी, और इस सुखद परिस्थिति का लाभ उठाकर वे भाजपा से मनमाना दाम वसूल कर सकेंगे। चुनाव के तुरंत बाद ही उद्धव ने अपने लिए उप-मुख्यमंत्री पद तक माँग लिया।

पर घटनाएँ अलग ही मार्ग पर चल पड़ीं। चाणक्य-बुद्धि रखनेवाले शरद पवार ने चुनाव परिणाम आते ही, बिना किसी शर्त भाजपा को अपनी पार्टी का बाहरी समर्थन घोषित कर दिया। इससे विधान सभा में भाजपा के पास विधायकों की इतनी संख्या हो गई कि वह किसी भी दूसरे दल की सहायता के बिना सरकार बना सके। इस तरह शरद पवार ने भाजपा के लिए विधान सभा में शिव सेना के समर्थन को बिलकुल महत्वहीन कर दिया। एक बार फिर उद्धव की सारी आशाओं पर पानी फिर गया।

दरअसल उद्धव की हालत अत्यंत हास्यास्पद और शोचनीय हो गई है। सबके सामने यह स्पष्ट हो गया है कि उद्धव में उतनी राजनीतिक परिपक्वता और चतुराई नहीं है जितनी शरद पवार जैसे मँजे हुए नेताओं में है, या उनके ही पिता बाल ठाकरे में थी। बाल ठाकरे का रुतबा इतना था कि अटल बिहारी वाजपायी और आडवानी जैसे चोटी के नेता तक उनके सामने झुक जाते थे। उद्धव ने यह मानने की गलती की कि अपने पिता का यह रुतबा उन्हें विरासत में मिल गया है और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मातोश्री (ठाकरे परिवार का निवास स्थान) में जी-हुज़ूरी करने आ पहुँचेंगे।

पर जिस तरह की राजनीति शिव सेना खेलती है, उसका नरेंद्र मोदी के उदय के बाद पैदा हुई भाजपा की नई परिस्थितियों में कोई स्थान नहीं था। नरेंद्र मोदी गठबंधन वाली सरकारों की खामियाँ-बुराइयाँ खूब देख चुके थे – स्वयं अपनी पार्टी के अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधान मंत्रित्व के समय और कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय। आम चुनाव में ही उन्होंने एक ही पार्टी (यानी भाजपा) की बहुमत पर टिकी सरकार बनाने का लक्ष्य रख लिया था। अमित शाह के कुशल नेतृत्व में और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विशाल भारत-व्यापी नेटवर्क की मदद से वे अपना लक्ष्य हासिल भी कर सके।

अब पूरे देश में राजनीतिक समीकरण बदल गया था, और क्षेत्रीय दलों के दिन लद से गए थे। हरियाणा और महाराष्ट्र में भी भाजपा अपने दम पर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। अब उसकी निगाहें जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, तमिल नाड, केरल आदि राज्यों पर गढ़ी हैं जहाँ आनेवाले महीनों में चुनाव होनेवाले हैं और जहाँ सब भाजपा सबसे प्रमुख दल के रूप में उभरना चाहती है।

इसके लिए यह आवश्यक है कि भाजपा अपनी सोच को क्षेत्रीय दायरों से उठाकर राष्ट्रव्यापी स्तर पर ला टिकाए। यहीं भाजपा की राजनीति शिव सेना जैसे क्षेत्रीय दलों की राजनीति से अलग पड़ती है। शिव सेना मराठी मानुस के इर्द-गिर्द राजनीति खेलती है और मराठी भाषियों में अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए निरंतर ग़ैर-मराठियों पर धावे बोलती है। उसकी इस कुत्सित राजनीति के शिकार अलग-अलग समयों में मद्रासी, गुजराती, मुसलमान, बिहारी आदि बन चुके हैं। जब तक भाजपा विपक्ष में थी, इस तरह की राजनीति खेलनेवाली किसी पार्टी के साथ उठने-बैठने से उसका कोई राजनीतिक नुकसान नहीं होता था। लेकिन जब केंद्र में देश की बागडोर उसके हाथ में आ गई है और उसका लक्ष्य देश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरना बन गया है, तब इस तरह की बाँटने और और भाई को भाई से लड़ानेवाली राजनीति उसके लिए काफी महँगी साबित हो सकती है।

महाराष्ट्र के चुनावों के दौरान भी भाजपा की निगाहें उत्तर प्रदेश और बिहार के चुनावों पर टिकी हुई थीं। उत्तर प्रदेश और बिहार में चुनाव जीतने के लिए बिहारियों और उत्तर प्रदेशियों पर ज़ुल्म करनेवाली शिव सेना जैसी पार्टियों से नाता तोड़ना बिलकुल आवश्यक था, वरना इन राज्यों के चुनाव प्रचार के दौरान वहाँ के मतदाता भाजपा से शिव सेना जैसे उन्हें उत्पीड़ित करनेवाले दल के साथ भाजपा के संबंध को लेकर टेढ़े और कठिन सवाल पूछ सकते थे। इसलिए शिव सेना से नाता तोड़ना भाजपा के लिए ज़रूरी हो गया था।

और भाजपा के लिए शिव सेना की उपयोगिता भी जाती रही थी। अब भाजपा महाराष्ट्र में शिव सेना का पिछलग्गू न होकर मोदी लहर पर तैरते हुए प्रमुख शक्ति बन चुकी थी। अब शिव सेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की उसे कोई आवश्यकता नहीं थी। उल्टे शिवा सेना उसके लिए गले में पड़ा सिल का पत्थर (अनावश्यक बोझ) बन चुकी थी और महाराष्ट्र में भाजपा के स्वाभाविक विस्तार को रोक रही थी। इसलिए भाजपा के लिए न केवल शिव सेना से पिंड छुड़ाना बल्कि उस पर नकेल भी कसना एक राजनीतिक आवश्यकता बन चुकी थी। यही बात राजनीति में कच्चे उद्धव समझ नहीं सके। वे यही सोचते रहे कि अब भी शिव सेना बाल ठाकरे के जमाने में जैसी थी वैसी ही शक्तिशाली है, और वह भाजपा को अपनी इच्छाओं के अनुसार नचा सकती है।

भाजपा ने न केवल शिव सेना से नाता तोड़ा है, बल्कि देश के अन्य भागों में भी, जैसे पंजाब और हरियाणा में, अपने पहले के सहयोगी दलों से अलग हो रही है। पंजाब में अकाली दल और हरियाणा में अजीत सिंह का लोक दल इसके उदाहरण हैं। इन सभी जगहों में भाजपा अकेले दम लड़ने की नीति पकड़ ली थी। यह प्रवृत्ति लोक सभा चुनाव से भी पहले दिखाई देने लगी थी जब उड़ीसा में नवीन पटनायक और बिहार नितीश कुमार से उसने तलाक ले लिया था।

दक्षिण में भी भाजपा यही नीति अपनाएगी। तमिल नाड में दोनों प्रमुख द्रविड पार्टियाँ लोगों की नज़रों में इतनी गिर चुकी हैं कि अगले चुनाव में भाजपा को वहाँ अपने लिए मौका दिखने लगा है। वहाँ भी भाजपा अकेले दम पर चुनाव लड़ने का निर्णय ले सकती है। सच तो यह है कि उसके पास और कोई विकल्प भी नहीं रह गया है। महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब आदि में शिव सेना, लोक दल, अकाली दल आदि क्षेत्रीय दलों के साथ भाजपा ने जो किया है उससे सहमकर तमिल नाड की छोटी-बड़ी पार्टियाँ भाजपा को शक की नज़र से देखने लगी हैं और उसके साथ गठबंधन में उतरने से कतरा रही हैं। इसलिए मज़बूरन भाजपा को वहाँ अकेले चलना पड़ सकता है। इसकी संभावना कम लगती है कि तमिल नाड में, कम से कम आगामी चुनाव में, भाजपा कोई उल्लेखनीय प्रदर्शन कर पाएगी, लेकिन वहाँ यदि वह मुट्ठी भर सीटें भी जीत जाती है, तो यह एक बहुत बड़ी जीत मानी जाएगी क्योंकि वहाँ दशकों से भाजपा अपना खाता नहीं खोल सकी है। यदि वहाँ चुनाव के बाद किसी भी पार्टी को बहुमत न मिले, तो थोड़ी सीटें होने पर भी भाजपा बड़ी भूमिकाएँ निभा सकती है और अपना पाँव इतना फैला सकती है कि इसके बाद होनेवाले चुनाव में वह और भी मजबूत स्थिति हासिल कर सके। भाजपा लंबी दूरी के धावक के रूप में मैदान में उतरी है और आनेवाले दस-पंद्रह वर्षों तक वही लगभग पूरे भारत में राजनीति के नियम-क़ानून स्थापित करेगी।

मेरे विचार से इसे सकारात्मक दृष्टि से ही देखना ठीक होगा। भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक-जुट रखने के लिए दृढ़ केंद्रीय शक्ति की आवश्यकता है, वरना राज्य अलग-अलग दिशाओं में खींचते हुए देश को कमज़ोर कर देंगे। इसके उदाहरण हमें बंगाल और तमिल नाड में मिलते हैं जहाँ क्षेत्रीय दलों की सरकारें हैं। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने बंग्लादेश के साथ केंद्र सरकार द्वारा की गई राष्ट्र-हित को आगे बढ़ाने वाली संधियों को खटाई में डलवा दिया है, और तमिल नाड की द्रविड पार्टियों ने श्रीलंका के साथ अच्छे संबंध स्थापित करने के मार्ग में अड़चनें पैदा की हैं जिसका फायदा उठाकर चीन वहाँ पाँव पसारने लगा है।

हमें यही आशा करनी चाहिए कि भाजपा उसके हाथ आई राजनीतिक शक्ति को समझदारी और विवेक के साथ और संपूर्ण राष्ट्र के हित के लिए उपयोग करेगी और भारत को विश्व में गौरवपूर्ण स्थान दिलाएगी।

Monday, August 24, 2009

जिन्ना, जसवंत और भारत का भविष्य


जिन्ना पर जसवंत सिंह द्वारा लिखी गई किताब (जिन्ना – भारत विभाजन के आईने में, राजपाल एंड सन्स, रु. 599) के प्रकाशित होते ही जसवंत को भाजपा से निष्पासित कर दिया गया और गुजरात में पुस्तक पर बैन लगा दिया गया।

दोनों ही बातें हमारे वैचारिक परिपक्वता पर प्रश्न चिह्न लगाते हैं। क्या इस देश में विभाजन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर खुले मन से चर्चा करना अपराध है? क्या हमारे देश की राजनीतिक पार्टियां इतनी असुरक्षित और कमजोर हैं कि एक किताब के प्रकाशन से ही उनके लिए अस्तित्व का संकट पैदा हो जाता है?

विभाजन के बाद पैदा हुए भारतीयों के लिए विभाजन के समय की घटनाओं को गहराई से समझना बहुत जरूरी है, क्योंकि उसके बिना उनके व्यक्तित्व को पूर्णता नहीं मिल सकती तथा देश के उद्भव की परिस्थितियों के बारे में उनके मन में अस्पष्टता बनी रहेगी।

इसलिए उन दिनों की घटनाओं पर प्रकाश डालनेवाली हर पुस्तक महत्वपूर्ण है। इस तरह की पुस्तकों पर बैन लगाकर वर्तमान पीढ़ी के लोगों को विभाजन के समय की बातों को जानने से रोका जा रहा है और इसे मैं बिलकुल ही ठीक नहीं समझता।

मेरा व्यक्तिगत विचार यह है कि 1947 में देश का विभाजन गलत था। इससे शायद ही किसी का फायदा हुआ है, और हुआ भी है तो भारत का अहित चाहनेवालों का, जैसे ब्रिटन, और अब चीन और अमरीका। मेरे विचार से देश का विभाजन इसलिए हुआ क्योंकि उस समय के नेता राजनीति में अकुशल थे और दीर्घदृष्टिहीन थे, और कुछ तो मौका परस्त और अंग्रेजों के हाथों के कठपुतले भी थे। जिन्ना, नेहरू आदि में भारी अहंकार भी था, जिसके चलते, वे देश हित को अपनी प्रतिष्ठा के आगे नहीं रख सके।

कोई भी ऐतिहासिक निर्णय अनिवार्य नहीं होता। यदि बाद की पीढ़ियों को लगे कि किसी निर्णय से उनका विकास अवरुद्ध हो रहा है अथवा कोई निर्णय गलत कारणों से या गलत पक्षों के फायदे के लिए लिया गया था, तो उसे पलटना जरूरी होता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण है प्रथम महायुद्ध के दौरान जर्मनी के गलत विभाजन के बाद पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी का एकीकरण। इसका एक अन्य उदाहरण है समस्त यूरोप का एकीकरण, जिसकी प्रक्रिया अभी भी चल रही है। 1960-70 के वर्षों में जब सोवियत संघ शक्तिशाली था और शीत युद्ध पराकांष्ठा पर था, इन घटनाओं की कल्पना तक नहीं की जा सकती थी, पर 30-40 सालों में ही ये होकर रहीं।

इसी तरह भारत का विभाजन भी कोई पत्थर पर खींची गई लकीर नहीं है, जो बदल नहीं सकती। अब इसके अनेक प्रमाण उपलब्ध हो गए हैं कि विभाजन जिन्ना, नेहरू, पटेल, राजाजी, राजेंद्र प्रसाद आदि उन दिनों के नेताओं की राजनीतिक भूल थी। इससे न पाकिस्तान का कोई भला हुआ है न भारत का। दोनों देशों की जनता को उसके कारण अपार कष्ट ही झेलना पड़ा है और वे अब भी झेल रहे हैं। काश्मीर जैसे अनसुलझे मुद्दे, तीनों देशों में सांप्रदायिकता की बाढ़ और आतंकवाद भी उसी का परिणाम है।

देश के मूल विभाजन के चंद वर्षों बाद ही बंग्लादेश का बनना इसका अकाट्य प्रमाण है कि जिन आधारों पर देश का विभाजन किया गया था, वह खोखला था। आज पाकिस्तान में जो हो रहा है जिसके कारण वह तेजी से एक विफल राज्य बनता जा रहा है, और उसके द्वारा निरंतर आतंकवाद समर्थन देने और भारत के प्रति विद्वेषात्मक रवैया बनाए रखने से उसका भारत सहित समस्त मानव जाति के लिए एक महा खतरा बन जाना, ये सब भी इसके प्रमाण हैं कि विभाजन गलत था। भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश में सांप्रदायिक और संकीर्णतावादी ताकतों का बलवती होना भी विभाजन की विषैली विरासत है।

इसलिए हम सबको यह सोचने लगना आवश्यक है कि किस तरह विभाजन को निरस्त किया जाए। इसी में भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश की जनता की भावी खुशहाली निर्भर करती है। भारत के लिए देश का एकीकरण सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक है। आज पाकिस्तान और बंग्लादेश का उपयोग करके चीन, अमरीका, ब्रिटन आदि देश भारत विरोधी कार्रवाई को अंजाम देते हैं, और भारत को कमजोर रखने का भरसक प्रयास करते हैं। इनका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय उपमहाद्वीप के देशों का एकीकरण आवश्यक है। भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश ऐतिहास काल से एक रहे हैं, चाहे वह चंद्रगुप्त मौर्य का समय हो या अकबर का या अंग्रेजों का। आज भी भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश की जनता में एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति है और सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक भाषाई और आर्थिक स्तरों पर अनेक समानताएं हैं, जो हजारों सालों से साथ रहने और भौगोलिक निकटता का परिणाम है। इस सहानुभूति और समानताओं के आधार पर इन तीनों देशों को पूर्ववत एक किया जा सकता है। भारतीय उपमहाद्वीप के अन्य देश, नेपाल, श्रीलंका, भूटान, बर्मा, अफगानिस्तान आदि भी ऐतिहासिक काल में एक ही संस्कृति से परस्पर बंधे थे।

भारत के एकीकरण को सिद्ध करने के लिए विभाजन की घटनाओं पर पुनविर्चार और उनका पुनर्मूल्यांकन आवश्यक है। जसवंत और उनके पहले आडवानी ने जिन्ना के पुनर्मूल्यांकन का जो प्रयास किया है, वह इसलिए महत्वपूर्ण है कि वे हमें विभाजन के बारे में, और उसके बहाने उपमहाद्वीप के देशों के एकीकरण के बारे में, पुनः सोचने का अवसर प्रदान करते हैं।

राजनीति असंभव को संभव करने की कला है। 1942 तक कोई सोच भी नहीं सकता था कि पांच ही वर्षों में भारत दो टुकड़ों में और फिर तीन टुकड़ों में बंट जाएगा। पर अंग्रेजों और जिन्ना जैसे लोगों ने, नेहरू, पटेल आदि की राजनीतिक अकुशलता से मदद लेते हुए, इसे साकार करके दिखाया।


इसी तरह आज 2009 में भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश का फिर से एक होना ख्याली पुलाव लगता है, पर यदि सही दिशा में कोशिशें की जाएं, यही पुलाव 2014 में ख्याली न रहकर वास्तविक भी बन सकता है।

पर इसके लिए भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश के लोगों को इसके बारे में गंभीरता से सोचना होगा। जसवंत सिंह की किताब का महत्व इसी में है। वह लोगों को विभाजन के बारे में सोचने पर मजबूर करता है। विभाजन की घटनाओं पर पुनर्विचार करने पर उसकी अनिवार्यता की धारणा कमजोर हो जाती है, और हमें विदित होने लगता है कि वह अंग्रेजों की कूटनीतिक चाल थी, भारत को कमजोर रखने की। हमें समझ में आने लगता है कि भारत, पाकिस्तान और बंग्लादेश का असली हित एक होने में हैं। हमें समझ में आने लगता है कि आतंकवाद, कश्मीर, सांप्रदायिकता, संकीर्णतावाद, विदेशी हस्तक्षेप आदि का सही समाधान विभाजन को पलटने में है। हमें यह भी समझ में आता है कि तीन टुकड़ों में बंटे रहकर न तो भारत, न ही पाकिस्तान या बंग्लादेश ही जनता की गरीबी, भूख, अशिक्षा, बेरोजगारी, आदि, से ठीक से लड़ पा रहे हैं, और इनसे लड़ने के बजाए एक-दूसरे के विरुद्ध लड़कर अपनी-अपनी शक्ति को क्षीण कर रहे हैं।

जब हमारी पीढ़ी के लोगों को ये बातें समझ में आ जाएंगी, वे विभाजन को निरस्त करने के बारे में सोचने लगेंगे। और यदि हमें कोई दूर-दृष्टिवाले कुशल नेता का मार्गदर्शन भी मिल जाए, तो यह एकीकरण संभव भी हो सकता है।

जहां तक मैं समझ सका हूं, जिन्ना तथा नेहरू-पटेल में जो वैचारिक मतभेद था, वह भारत की राजनीतिक स्वरूप को लेकर था। जिन्ना भारत को अनेक राज्यों का विशृंखलित संघ के रूप में देखते थे, जबकि नेहरू-पटेल, एक दृढ़ केंद्र वाले यूरोपीय शैली के राष्ट्र के रूप में।

यदि भारत, पाकिस्तान और बंगलादेश को एक करना है, तो पहले यह इन तीनों के एक विशृंखलित संघ के रूप में ही संभव हो पाएगा। इस विशृंखलित संघ को साकार करने में जिन्ना के विचार उपयोगी हो सकते हैं। इस विशृंखलित राष्ट्र संघ में हमें नेपाल और श्रीलंका को, और संभव हो, तो अफगानिस्तान और बर्मा तक को भी खींच लेना चाहिए, क्योंकि ये भी भारत विरोधी प्रयासों के अड्डे बनते जा रहे हैं, और तेजी से चीन, अमरीका आदि के प्रभाव में जा रहे हैं, जो हमारे हित में नहीं है।

बाद में, तीस-पचाल वर्षों बाद, जब इस विशृंखलित संघ के रूप में रहते हुए सभी देशों के नेताओं और जनता को तसल्ली हो जाए, तो विशृंखलन को उत्तरोत्तर कम किया जा सकता है, और नेहरू-पटेल वाले अधिक दृढ़ केंद्रीकृत राष्ट्र की ओर बढ़ा जा सकता है। यूरोप का एकीकरण भी इसी तरीके से हो रहा है। पहले अनेक मामलों में यूरोपीय संघ के घटक देश स्वतंत्र थे। फिर धीरे-धीरे उनकी बहुत से विशेषाधिकार यूरोपीय संघ को स्थानांतरित किए गए, जैसे, सेना, विदेश नीति, मुद्रा, नागरिकता आदि।

इसी रास्ते हम भी चल सकते हैं। इसलिए 1947 के नेताओं में जो विचार-भेद था वह हमारे लिए अत्यंत उपयोगी और प्रासंगिक है, ये सब नेता अखंड भारत को दृष्टि में रखकर सोचते थे, क्योंकि तब भारत अविभाजित था।

विभाजन को इस तरह निरस्त करना एक प्रतीकात्मक कार्य भी होगा और इस महा अभियान के साथ हम अपनी अनेक अन्य सामयिक समस्याओं को भी जोड़ सकते हैं, जो सब ले-देकर अंग्रेजी राज की ही विरासतें हैं। जैसे राष्ट्रभाषा का विषय और आरक्षण का मुद्दा। आज आरक्षण की राजनीति देश को बांट रही है और इस देश में रह रहे सभी लोगों के भावनात्मक एकीकरण के आड़े आ रही है। इसी तरह राष्ट्रभाषा के विषय का आजादी आंदोलन कोई ठोस समाधान नहीं प्रस्तुत कर सका, जिसके परिणामस्वरूप हमारी सभी भाषाओं की बाढ़ रुक सी गई है और हम पर आज भी अंग्रेजी भाषा का वर्चस्व बना हुआ है। इससे देश कमजोर हुआ है और सत्ता-संपन्न (अंग्रेजी जाननेवाले) और सत्ता-विहीन (अंग्रेजी न जाननेवाले) में देश बंटता जा रहा है। राष्ट्र को जोड़े रखने और उसके विभिन्न भागों में विचार विनिमय को सुगम बनाने के लिए राष्ट्रभाषा की आवश्यकता होती है। भारत इस जोड़नेवाली कड़ी के बिना अपना काम चला रहा है, क्योंकि शासन में अंग्रेजी का ही अधिक उपयोग होता है। इस तरह की विसंगतियों को भी विभाजन को निरस्त करने के महा अभियान के साथ जोड़कर आसानी से दूर किया जा सकता है।

इस तरह भारतीय उपमहाद्वीप के देशों का राजनीतिक एकीकरण 1857 की क्रांति या 1947 के आजादी आंदोलन के स्तर का महा प्रयास होगा, जो एक ही साथ कई समस्याओं का समाधन कर सकेगा। पर इतना बड़ा आंदोलना चलाना कोई आसान काम भी न होगा। इसके लिए हमें कांग्रेस की तरह का कोई उपकरण, गांधी जी जैसे कुशल विचारक और समन्वयवादी नेता, तथा भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, आदि के समान विचारशील और साहसी युवकों की आवश्यकता पड़ेगी।

1857 और 1947 में हमारे समक्ष शत्रु सुस्पष्ट था – अंग्रेज और अंग्रेजी राज। आज शत्रु उतना स्पष्ट नहीं है। इसी का लाभ उठाकर कुछ संकीर्णतावादी ताकतें, देशवासियों के ही एक हिस्से को अथवा अपने ही मूल देश के टुकड़ों को शत्रु का जामा पहनाकर जनता को संगठित करने का प्रयास कर रही हैं। यह प्रयास खंडित है, खराब राजनीति है और सामरिक दृष्टि से त्रुटिपूर्ण है। हमें असली शत्रु को पहचानना होगा। असली शत्रु है विभाजन के कारण पैदा हुई वैमनस्यपूर्ण परिस्थितियां। इन परिस्थितयों को शब्दों और विचारों में ऐसा परिभाषित और रूपायित करना होगा कि आम आदमी भी इन्हें शत्रु के रूप में पहचान सकें और इनके विरुद्ध राष्ट्रीय संघर्ष में मर-मिटने के लिए तैयार हो जाएं, उसी तरह जैसे वे 1857 में या 1947 में तैयार हुए थे। इसमें कवियों, लेखकों, नाटकारों, फिल्मकारों, आदि की महत्वपूर्ण भूमिका है।

Tuesday, June 16, 2009

हिंदी महाजाति की अवधारणा और डा. रामविलास शर्मा

गांधी जी का अधूरा काम वाले पोस्ट में मैंने डा. रामविलास शर्मा द्वारा प्रस्तुत इस सुझाव का जिक्र किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि समस्त हिंदी भाषी प्रेदश को एकीकृत करके एक विशाल हिंदी राज्य बना देना चाहिए, उसी तर्ज पर जैसे तमिल, मलयालम, गुजराती आदि अन्य भाषाओं के लिए अलग राज्य बनाए गए हैं।

इस लेख की टिप्पणियों में गिरिजेश राव और समीर लाल (उड़न तश्तरी) ने शंका प्रकट की कि यह आज की परिस्थिति में शायद व्यावहारिक नहीं होगा।

तो आइए देखें, कि डा. शर्मा ने उक्त प्रस्ताव क्यों रखा था और वे इसे व्यावहारिक क्यों समझते थे। डा. शर्मा भारत के चोटी के विचारक हैं और उनके कलम से इस तरह का प्रस्ताव बिना मजबूत कारण के नहीं आएगा।

इस संबंध में डा. शर्मा के विचार अनेक पुस्तकों में बिखरे पड़े हैं, पर इसका सबसे सुलझा हुआ विवेचन उनके महा ग्रंथ “भाषा और समाज”, वाणी प्रकाशन, में देखने को मिलता है। इस पुस्तक में उन्होंने भाषा के उद्भव से लेकर हिंदी भाषा के वर्तमान स्वरूप तक की हजारों सालों की यात्रा का अत्यंत सुस्पष्ट विवेचन किया है।

उनका कहना है कि जिस काल में भाषा का उद्भव हुआ था, उस अति प्राचीन काल में मनुष्यों की समाज व्यवस्था आदि साम्यवाद के जैसे थी। यानी मनुष्य छोटे समूहों में रहता था जिसके सभी सदस्य एक दूसरे के साथ खून के रिश्ते से जुड़े होते थे। इसी तरह की समाज व्यवस्था मनुष्य के निकट के संबंधी गोरिल्ला, चिंपैंजी आदि नरवानरों में भी देखने में आती है।

मनुष्यों की इन टोलियों को डा. शर्मा गण का नाम देते हैं, जिसे ट्राइब, कबीला आदि भी कहा जा सकता है। इनमें एक प्रधान पुरुष होता था, और उसके भाई-बहन, बीवी-बच्चे आदि से गण बना होता था। जीविकोपार्जन का मुख्य जरिया शिकार या फल आदि बटोरना होता था। संपत्ति नाम की कोई चीज किसी के पास नहीं थी। केवल जमीन थी, जिसमें यह गण आहार खोजता था। इस पर गण के सभी सदस्यों का, स्त्री-पुरुष दोनों का, समान अधिकार होता था। अपने क्षेत्र की रक्षा गण के सदस्य अन्य मनुष्यों से करते थे। लड़ाई-झगड़े मुख्यतः गणों के बीच होती थी। इन लड़ाइयों में गण के सभी सदस्य भाग लेते थे।

कहने का मतलब है कि वर्ण-व्यवस्था का उद्भव नहीं हुआ था और ऊंच-नीच, जांति-पांति की अवधारणा अभी नहीं बनी थी।

मनुष्य के इस आदि अवस्था की सबसे महान उपलब्धि ऋग्वेद है। यह उसी अवस्था में रची गई थी। डा. शर्मा कहते हैं कि ऋग्वेद में जांति-पांत, ब्राह्मण-क्षत्रिय आदि का उल्लेख नहीं है। ऋचाएं सभी रचते हैं, लोहार भी, बढ़ई भी, पशुपालक भी, सभी। युद्ध भी सभी लड़ते हैं। क्षत्रियों का अलग वर्ग तब नहीं था। देवी-देवता भी गण के सदस्यों जैसे ही थे, उनका मनुष्यों से ऊंचा स्थान नहीं था। ऋग्वेद के मंत्र रचनेवाले लोग देवी-देवताओं को उसी तरह संबोधित करते हैं, जिस तरह किसी मित्र को या भाई को।

लेकन जब गणों की संख्या बढ़ने लगी, और कृषि आदि का विकास होने लगा और लोगों में संपत्ति इकट्ठी होने लगी, तो समाज व्यवस्था थोड़ी और जटिल हो गई। रक्त संबंधों पर आधारित गण व्यवस्था अपर्याप्त साबित होने लगी। गणों के बीच व्यापार भी बढ़ने लगा और अनेक गण एक ही स्थान में विनिमय आदि के लिए इकट्ठे होने लगे। इन्हीं स्थलों ने बाद में नगरों का रूप लिया। इससे रक्त संबंध कम महत्वपूर्ण होने लगा। विभिन्न पेशे भी बनने लगे, जिनमें से कुछ अधिक महत्वपूर्ण और कुछ कम महत्वपूर्ण समझे जाने लगे। अधिक महत्वपूर्ण समझे जानेवाले पेश अपनाए हुए लोगों में पैसे और अधिकार भी जमा होने लगे। इस तरह समाज में सत्ता और धन का असमान वितरण होने लगा। इसी से वर्ण-व्यवस्था का जन्म हुआ। जिनके हाथ में सत्ता और अधिकार था, वे क्षत्रिय कहलाए, क्षत्रियों द्वारा दूसरों पर राज करने को सही ठहराने वाले तर्क-जाल बुननेवालों को ब्राह्मण कहा जाने लगा, व्यापार में संलग्न लोगों को वैश्य कहा जाने लगा, और बाकी सब कारीगरों को शूद्र कहा जाने लगा। यह व्यवस्था भारत में ही नहीं दखी गई है, बल्कि सभी सभ्यताओं में मनुष्य के इस अवस्था में पहुंचने पर यह प्रकट हुई है।

इसी व्यवस्था को सामंतवाद कहा जाता है। धर्म और सामंतवाद का उद्भव एक साथ होता है। धर्म का मुख्य काम समाज में धन और अधिकारों के असमान वितरण को सही ठहाराना होता है।

यजुर्वेद के समय तक आते-आते समाज की यह व्यवस्था पुख्ता हो चुकी थी। युजुर्वेद में वर्ण-व्यवस्था के अनेक प्रमाण मिलते हैं, और ब्राह्मण क्षत्रिय, वैश्य शूद्र का उल्लेख भी है। यजुर्वेद ऋग्वेद के लगभग एक हजार साल बाद अस्तित्व में आया है।

मानव विकास की इस अवस्था में सामंतवाद प्रगतिशील भूमिका निभाता है, वह रक्त संबंधों पर आधारित समाज व्यवस्था को और व्यापक बनाकर अनेक गणों को मिलकार एक जाति का निर्माण करता है।

डा. शर्मा ने जाति शब्द का बहुत विशिष्ट प्रयोग किया है। वे इसे अंग्रेजी के नेशन शब्द के समतुल्य के रूप में प्रयोग करते हैं। उनके लिए जाति शब्द अंग्रेजी के कास्ट शब्द के समतुल्य अर्थ बिलकुल नहीं रखता। डा. शर्मा की पुस्तकों को पढ़ते समय इस शब्द के इस खास अर्थ को समझना बहुत जरूरी है।

जाति का गहरा संबंध भाषा से होता है। दरअसल एक ही भाषा बोलनेवाले लोग मिलकर ही जाति का निर्माण करते हैं। जब गण टूट जाते हैं, तो लोगों को जोड़नेवाला तत्व भाषा ही रह जाता है। एक ही भाषा बोलनेवाले लोगों में परस्पर एक विशिष्ट संबंध सा बनता जाता है, जिसे सामंतवाद भी खूब बढ़ावा देता है। जाति और भाषा के प्रारंभिक विकास में सामंतवाद की भी बड़ी भूमिका है।

जब सामंतवाद खूब बढ़ने लगता है, तो वर्ण-व्यस्था भी अपर्याप्त साबित होने लगती है। विनिमय केंद्रों के रूप में बड़े-बड़े नगर बनने लगते हैं। इन नगरों में सभी जातियों के लोग एकत्र होते हैं। नगरों में एक ही जाति के व्यक्ति का अपनी ही जाति के व्यक्ति से कम संपर्क होता है, और उसका नित्य अन्य जाति के लोगों के साथ अधिक संपर्क होने लगता है। इससे जातीय बंधन टूटने लगता है। इसके साथ ही सभी जातियों द्वारा एक ही भाषा के प्रयोग से सभी जाति के लोगों में अपनी भाषा के प्रति विशिष्ट लगाव पैदा होता है, और लोग अपनी पहचान भाषा के आधार पर करने लगते हैं। इस तरह हिंदी, तमिल, बंगाली, गुजराती आदि होने का लोगों को बोध होने लगता है। यह बोध अन्य सभी पहचानों से अधिक प्रबल होता है। इसमें धर्म और जाति (कास्ट) भी शामिल है।

जब यह बोध काफी प्रबल हो जाता है, तो महाजाति का निर्माण होता है। हिंदी, तमिल, गुजराति आदि डा. शर्मा की शब्दावली में महाजातियां हैं।

और राष्ट्र इन्हीं महाजातियों के मिलन से बनता है। इस तरह भारत-राष्ट्र हिंदी, तमिल, गुजराति आदि महाजातियों के मिलन से बना है। इन महाजातियों में से कोई सर्वोपरि नहीं है। सभी समान हैं।

अब इस सवाल को समझना अधिक आसान है कि डा. शर्मा ने सभी हिंदी प्रदेशों को एकीकृत करने पर इतना जोर क्यों दिया। सभी हिंदी प्रदेशों को एकीकृत करने पर ही हिंदी महाजाति निखर सकेगी। इससे ही हिंदी भाषियों में यह पहचान बनेगी कि हिंदी भाषा बोलने के नाते हम विशिष्ट हिंदी महाजाति, के अंग हैं। और इस बोध के बलवती होने पर ही हिंदी भाषी अपनी महाजाति को विकसित करने की ओर ध्यान देने लगेंगे।

आज स्थिति यह है कि हिंदी क्षेत्र अनेक टुकड़ों में बंटा हुआ है और इनके बीच की गलत राजनीति के कारण हिंदी भाषियों की शक्ति भी बंटी हुई है। इतना ही नहीं हिंदी महाजाति का बोध होना तो दूर, हिंदी भाषी अपने आपको राजस्थानी, छत्तीसगढ़ी, हरियणवी, भोजपुरी, लखनवी आदि के रूप में ज्यादा पहचानते हुए, अपने अधिक विराट हिंदी महाजाति के सदस्य होने की अस्मिता को भूलते जा रहे हैं। उनमें हिंदी महाजाति का अंग होने का बोध तक नहीं है, न ही वे हिंदी महाजाति को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत ही हैं।

इससे भारत राष्ट्र कमजोर होता है। पहले बताया था का राष्ट्र इन्हीं महाजातियों का जमघट है। यदि इनमें एक भी महाजाति अपनी पूर्ण संभावना को प्राप्त न करे, तो इससे राष्ट्र कमजोर हो जाएगा।

दूसरे हिंदी महाजाति का क्षेत्र भारत के एक अत्यंत सामरिक भाग में है। यहां रह रहे लोगों ने सह्राब्दियों से भारत राष्ट्र की नियति का नियमन किया है। इसे आर्यावर्त (वैदिक काल में), हिंदुस्तान (मुसलमानों के काल में) आदि विशिष्ट नामों से पुकारा गया है। जब भी इस क्षेत्र में रह रही महाजाति सुदृढ़ थी, भारत भी अजेय था, और अन्य महाजातियां भी सुरक्षित थीं। पर जब भी हिंदी महाजाति कमजोर हुई, भारत भी लड़खड़ाने लगा था।

इसलिए हिंदी महाजाति को मजबूत करना भारत राष्ट्र की सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए आवश्यक है। यह तभी संभव है जब सभी हिंदी भाषी प्रदेशों को एकीकृत किया जाएगा और हिंदी भाषियों में एक महाजाति के सदस्य होने का बोध पैदा होगा। इसकी पहली कसौटी होगी हिंदी प्रदेश का राजनीतिक एकीकरण।

अब रहा व्यावहारिकता का प्रश्न। इसका भी जवाब डा. शर्मा ने दिया है। वे कहते हैं कि लोग हिंदी प्रदेश की विशालता को देखकर घबरा जाते हैं, और सोचते हैं कि इतने बड़े क्षेत्र पर एककीकृत शासन भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था को जन्म देगा। लेकिन डा. शर्मा इससे सहमत नहीं हैं। वे कहते हैं कि यदि हिंदी महाजाति का बोध मजबूत हो, और उसके आधार पर हिंदी प्रदेश को एकीकृत किया जाए, जो निष्ठावान प्रशासक इतने बड़े क्षेत्र का भी अच्छी तरह प्रबंध कर सकते हैं। आखिर यदि चंद्रगुप्त मौर्य, समुद्रगुप्त, शेरशाह सूरी, अकबर आदि इतने बड़े प्रदेश को एकीकृत रख सकते थे, तो हम क्यों नहीं।

डा. शर्मा हिंदी प्रदेश की आज की बिखरी हुई अवस्था का ऐतिहासिक कारण भी हमें समझाते हैं। वे कहते हैं कि यह अंग्रेजों की कूटनीति का परिणाम है। अंग्रेजों को इसी प्रदेश में 1857 में हिंदुओं और मुसलमानों के सम्मिलित प्रतिरोध का सामना करना पड़ा था। यह इसका परिचायक है कि 1857 से पहले हिंदी महाजाति का अवबोध लोगों में आज से कहीं ज्यादा मात्रा में विद्यमान था। 1857 के बाद अंग्रेज समझ गए कि इस महाजाति को तोड़े बगैर वे भारत में टिके नहीं रह सकते।

हिंदी महाजाति को तोड़ने के लिए अंग्रेजों ने अनेक प्रकार की कूटनीति अपनाई। इनमें से एक हिंदी भाषा को तोड़ना भी था। ग्रिएर्सन आदि अंग्रेज भाषाविदों को काम पर लगाकर अंग्रेजों ने हिंदी भाषा के हिंदी और उर्दू ये दो रूप कर दिए और यह झूठा प्रचार भी कर दिया कि हिंदी हिंदुओं की भाषा है और उर्दू मुसलमानों की। अंग्रोजों ने इस कूटनीति को कितने घातक रूप से अंजाम दिया इसका पूरा ब्योरा डा. शर्मा ने अपनी किताबों में दिया है।

अंततः अंग्रेज अपनी कूटनीति में सफल हुए और पाकिस्तान का उदय हुआ। और इधर भारत में हिंदी महाजाति भी धराशायी हो गई।

डा. शर्मा कहते हैं कि आजाद भारत को अंग्रेजों की इस विषैली नीति को निरस्त करने का प्रयास करना चाहिए और हिंदी महाजाति को एक बार फिर उठाना चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने हिंदी प्रदेश के एकीकरण की बात की है।

इसके बारे में एक प्रश्न और उठ सकता है। हिंदी प्रदेश की विशालता को देखकर अन्य भाषा-भाषी घबरा जाएंगे, और वे उसका विरोध करेंगे। इसका भरपूर उत्तर डा. शर्मा ने अपनी दूसरी किताब “भारत की भाषा समस्या” में दी है, जो भी वाणी प्रकाशन से प्रकाशित हुई है।

वे कहते हैं कि आज सभी भारतीय भाषाओं और उनके बोलनेवालों का असली दुश्मन हिंदी नहीं बल्कि अंग्रेजी है। अंग्रेजी सभी भारतीय भाषाओं और उनके बोलनेवालों को, यानी भारतीय राष्ट्र का निर्माण करनेवाली सभी महाजातियों को घुन की तरह कमजोर कर रही है।

यदि सभी भारतयी भाषाओं को यह बात ठीक प्रकार से समझाई जा सके, तो वे हिंदी को अपनी बहन मानेंगे और उसके साथ सहयोग करते हुए अंग्रेजी को इस देश से हटाने में पूरा सहयोग करेंगे। इससे हमारा राष्ट्र और भी मजबूत हो उठेगा।

Monday, June 15, 2009

गांधी जी का अधूरा काम

अंग्रेजों के समय देश का प्रशासकीय गठन उनके द्वारा विजित प्रदेशों के अनुसार और भारत में उनके आगमन के क्रम के अनुसार किया गया था। सबसे पहले वे कलकत्ता पहुंचे थे, और वहीं उनकी पहली विजय भी हुई थी। 1757 की प्लासी की लड़ाई में मीर जाफर की दगाबाजी के फलस्वरूप सिराजुद्दौला को हराकर अंग्रेजों ने बंगाल के विशाल प्रदेश को जीत लिया था। वहां उनका पहला प्रांत बना। इसी तरह बंबई और मद्रास में बड़े-बड़े प्रांत बने। 1857 के बाद संयुक्त प्रांत, सेंट्रल प्रोविन्स, नोर्थ वेस्ट फ्रंटियर प्रोविन्स आदि प्रशासकीय क्षेत्र बने। इन सबका गठन करते हुए अंग्रेजों ने उनमें रह रही जनता की आकांक्षाओं, सुविधाओं और विकास की संभावनाओं का कोई खयाल नहीं रखा।

इसलिए जब कांग्रेस की बागडोर गांधी जी के हाथों में आई, तो उन्होंने देश में अधिक वैज्ञानिक तरीके से प्रशासकीय इकाइयां गठित करने पर विचार किया। वे तथा उनके सहयोगी इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि भाषा के आधार पर प्रांत बनना जनता के हित में है। इस तरह एक ही भाषा बोलनेवाले प्रदेशों को संयुक्त करके उन्हें एक प्रांत का रूप दिया गया और वहां सब कांग्रेस की अलग प्रांतीय कार्यालय भी खोले गए।

गांधी जी द्वारा की गई यह व्यवस्था जनता के लिए बहुत ही कल्याणकारी थी। जनता की अस्मिता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू न धर्म है न जाति बल्कि भाषा है। धर्म, जाति, नस्ल आदि लोगों को बांटते हैं, लेकिन भाषा उसे बोलनेवाले सभी लोगों को जोड़ती है। हिंदी को ही ले लीजिए, हिंदी मुसलमानों की भी भाषा है, हिंदुओं की भी, गरीबों की भी, अमीरों की भी, ब्राह्मणों की भी, शूर्दों की भी, स्त्रियों की भी, पुरुषों की भी, बच्चों की भी और बूढ़ों की भी। इस तरह मुसलमान-हिंदू, गरीब-अमीर, सवर्ण-अवर्ण, स्त्री-पुरुष, बच्चे-बूढ़े, अमीर-गरीब आदि सबको हिंदी जोड़ती है। भाषा उसे बोलनेवालों की आकांक्षाओं को व्यक्त करनेवाला साधन ही नहीं है, उन आकांक्षाओं को कार्यरूप देने का औजार भी है। इसलिए भाषा के आधर पर बनाए गए प्रांतों ने अंग्रेजों के समय से ही प्रगति करना शुरू कर दिया और आजाद भारत में तो यह प्रगति और भी तेज हो गई।

लेकिन गांधी जी ने भाषाई राज्य कायम करने का काम पूरे देश पर लागू नहीं किया। देश के एक बहुत बड़े भाग में हिंदी बोली जाती है, और ठीक वहीं गांधी जी ने इस जन-कल्याणकारी नीति को लागू नहीं किया। इसके आगे चलकर बहुत ही दुखद परिणाम निकले। आज भी हिंदी प्रदेश की जनता सबसे पिछड़ी, सबसे अधिक अशिक्षित और सबसे अधिक विघटित अवस्था में है। गांधी जी को हिंदी भाषा से अगाध लगाव था, पर वे उसके राष्ट्रभाषा वाले स्वरूप को ही पहचान पाए। वे यह नहीं देख पाए कि हिंदी 40 करोड़ लोगों की मातृ भाषा भी है। शायद इस कारण ही उनसे हिंदी प्रदेश की घोर उपेक्षा हो गई।

इसमें हिंदी प्रदेश के नेताओं की अदूरदर्शिता का भी कम बड़ा हाथ नहीं था। भाषाई राज्य कायम करते समय उन्होंने हिंदी भाषियों की तरफ से हिंदी क्षेत्र की मांग नहीं रखी। दूसरा कारण यह था कि हिंदी प्रदेश के सभी प्रमुख नेता अंग्रेजियत में इतने रंगे हुए थे कि वे अपने प्रदेश के हित के बारे में ठीक से सोच ही नहीं पाए। मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू आदि का उदाहरण लिया जा सकता है। जवाहरलाल नेहरू छोटी उम्र से ही परदेश में पढ़े थे और उनकी मुख्य भाषा अंग्रेजी हो गई थी।

हिंदी भाषियों का यह दुर्भाग्य रहा है कि उनके अधिकांश नेताओं का हिंदी साहित्य, साहित्यकार, हिंदी भाषा आदि से कम ही सरोकार रहा है। इसकी तुलना में अन्य भाषा क्षेत्रों के नेता स्वयं साहित्यकार थे या अपनी भाषा के अच्छे पारखी।

इस तरह आजादी से पहले ही हिंदी को छोड़कर अधिकांश भाषाओं के प्रांत बन गए थे, और वे द्रुत प्रगति करने लगे, लेकिन हिंदी भाषियों को हिंदी भाषा के आधार पर संगठित नहीं किया जा सका और वे पिछड़ी हालत में बने रहे और आज भी यही स्थिति है।

हिंदी भाषा क्षेत्र के नेताओं में दूर-दर्शिता की कमी के कारण वे जनता को संगठित करने में हिंदी भाषा के महत्व को समझ नहीं सके। यदि आज हिंदी भाषा क्षेत्र हिंदू-मुसलमान, सवर्ण-अवर्ण, आदि में इतना बंटा हुआ है, तो वह इसलिए कि वहां लोगों को भाषा के आधार पर संगठित न करके, धर्म, जाति, वर्ण आदि विघटनकारी आधारों पर संगठित करने की कोशिश की गई। इसका अवश्यंभावी परिणाम था देश का विभाजन और लोगों का पिछड़ापन। पाकिस्तान की मांग सबसे बुलंद रूप से उत्तर प्रदेश-बिहार से ही आई थी।

आज भी यहां के नेतागण जनता को संगठित करने में हिंदी भाषा के सर्वोपरि महत्व को समझ नहीं सके हैं। मायावती जैसे संकीर्ण-सोच वाले नेता बचे-खुचे उत्तर प्रदेश को और भी पांच टुकड़ों में बांटने की बात कर रहे हैं।

इसके विपरीत डा. रामविलास शर्मा ने यह मांग की थी कि समस्त हिंदी प्रदेश को राजनीतिक स्तर पर एकीकृत करके एक विशाल हिंदी प्रदेश बना देना चाहिए, उसी तरह जैसे आज तमिलनाडु, बंगाल, कर्णाटक, गुजरात, आदि भाषाई प्रांत बने हुए हैं। उनका तर्क यह था कि इससे हिंदी बोलने वालों में अपनी एक पहचान बनेगी और उनके बीच जो विभाजक शक्तियां हैं, जिन्हें धर्म और जाति की राजनीति ने खूब उभाड़ा है, वे मिट जाएंगी।

इससे शासन में लगनेवाला खर्च भी खूब बचेगा। आज हिंदी प्रदेश में आठ दस विधान सभाएं हैं, उतने ही मंत्रिमंडल, सचिवालय, मंत्री-परिषद आदि-आदि तामझाम हैं। इन पर अरबों रुपए खर्च होते हैं, जो सब अधिकांश में व्यर्थ ही जाता है। यदि पूरे हिंदी प्रदेश में एक ही शासकीय केंद्र होता, तो शासन कहीं अधिक कम खर्चे में और अधिक सुचारु ढंग से हो पाता। बचे पैसे से लोगों के शिक्षण, आवास, रोजगार आदि का इंतजाम हो सकता था। हिंदी प्रदेश के लोगों को भी जाति, धर्म आदि के कटघरों से बाहर निकालकर एक शक्तिशाली जन समूह में बदला जा सकता था, जो देश के विकास में सन्नद्ध होकर भारत को सुदृढ़ और अजेय बना देता।

डा. शर्मा ने बड़े ही ओजपूर्ण तरीके से बताया है कि जब 40 करोड़ हिंदी भाषी एक हो जाएं, तो इस देश को दुनिया की कोई भी ताकत नहीं तोड़ पाएगी। आज एक ओर अमरीका और दूसरी ओर चीन उस पर हावी होने की चेष्टा कर रहा है। एक अरब की आबादी होने के बाद भी विश्व मंच में भारत की कोई पूछ नहीं है। डा. शर्मा ने यह भी दिखाया है कि भारत के दीर्घ इतिहास में जब भी भारत संगठित, सशक्त और सुंदर रहा है, चाहे वह वैदिक समय रहा हो, मौर्यों का समय रहा हो, गुप्तों के समय रहा हो या मुगलों का समय रहा हो, हिंदी प्रदेश, जिसे विभिन्न नाम दिया गया है, जैसे आर्यावर्त, हिंदुस्तान, आदि, एकीकृत था। डा. शर्मा कहते हैं कि यदि हिंदी प्रदेश को एक बार फिर एकीकृत किया जा सके, तो भारत की कई समस्याएं अपने आप ही दूर हो जाएंगी।

इस विचार को उन्होंने अपनी कई किताबों में व्यक्त किया है, जिनमें प्रमुख हैं, भाषा और समाज, और भारत की भाषा समस्या। दोनों वाणी प्रकशन दिल्ली से प्रकाशित हुई हैं।

अत्यंत खेद की बात है कि स्वयं हिंदी भाषी इस महान, ऋषि तुल्य भारतीय चिंतक के प्रति उदासीन हैं। डा. रामविलास शर्मा को मैं कृष्ण, बुद्ध, शंकराचार्य, गांधी आदि भारतीय महापुरुषों और मार्क्स, लेनिन, माओ आदि विदेशी महापुरुषों की कोटि में रखता हूं। डा. शर्मा के विचारों में भी इन अन्य महापुरुषों के ही समान भारत का कायकल्प करने की क्षमता है, बशर्ते कि हिंदी भाषी लोग, और भारत की उन्नति में विश्वास रखनेवाले अन्य भाषा-भाषी लोग भी, उनकी पुस्तकों को पढ़ें और उनके विचारों पर मनन करें और उन पर कार्रवाई करें।

हमारे सौभाग्य से डां. शर्मा ने लंबी आयु पाई थी और वे अपने जीवन के एक पल का भी अपव्यय न करते हुए, बड़े ही संगठित, और सुव्यवस्थित तरीके से अध्ययन और लेखन में लगे रहे। उनकी सौ से अधिक किताबें प्रकाशित हुई हैं, और एक-एक रत्न हैं। डा. शर्मा का जीवन दर्शाता है कि कलम में समाज को बदलने की कितनी ताकत हो सकती है। पर कलम तभी सफल हो सकता है, जब उसके लिखे हुए शब्दों को लोग पढ़ें। यदि आज के भारतीय समाज में डा. शर्मा के विचारों का कृष्ण, बुद्ध, शंकराचार्य, गांधी आदि के विचारों जितना प्रभाव नहीं देखने में आ रहा है, तो इसका मुख्य कारण हिंदी भाषियों की उदासीनता है, यद्यपि हिंदी भाषियों के प्रति डा. शर्मा को अगाध प्रेम था, और उनकी उन्नति में उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी होम कर दी थी।

डा. शर्मा विरोधाभासों के पुलिंदा थे। लंगोट पहनकर शरीर में तेल मलकर अखाड़े की रेत में उतरकर पहलवानों के साथ दो-दो हाथ करने वाले, पेशे से अंग्रेजी के प्रोफेसर, दिल से हिंदी के प्रकांड पंडित और महान विचारक, ऋग्वेद और मार्क्स के अध्येता, कवि, आलोचक, इतिहासवेत्ता, भाषाविद, राजनीति-विशारद ये सब विशेषण उन पर समान रूप से लागू होते हैं। वे सचमुच एक ऐसे अद्भुत व्यक्ति हैं जिनके जीवन के बारे में जानकर आश्चर्य हुए बिना नहीं रहता। और हिंदी भाषियों की उनके प्रति उदासीनता को देखकर भी कुछ कम आश्चर्य नहीं होता।

Wednesday, June 10, 2009

आस्ट्रेलिया ने आखिर कबूल कर ही लिया कि ये हमले नस्लवादी ही थे

आखिरकार आस्ट्रेलिया की पुलिस को कबूल करना ही पड़ा है कि भारतीय छात्रों पर मेलबर्न में हो रहे हमले नस्लवाद-प्रेरित ही हैं। ये हमले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। वहां की पुलिस भी भारतीय छात्रों पर पक्षपात करने पर उतारू हो गई है और उसने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे भारतीय छात्रों को भी लाठियों से पीट डाला है। आखिर भारतीय छात्रों ने भी अपनी रक्षा खुद करना तय कर लिया है। वे टोलियां बनाकर अपने घरों और संपत्ति की हिफाजत करने लगे हैं। और इन हमलों को चुपचाप सहते जाने के बजाए, युद्ध को शत्रु के खेमे में ले जाकर उन्होंने एक 20-वर्षीय श्वेत नस्लवादी को चाकू भोंककर घायल भी कर दिया है। एक अन्य श्वेत नस्लवादी की कार को भी उन्होंने फूंक डाला है। ऐसा लग रहा है कि आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान-अफगानिस्तान में अब ज्यादा फर्क नहीं रह गया है, कम-से-कम भारतीयों के लिए! आस्ट्रेलिया तेजी से भारतीयों के लिए दुनिया का सबसे खतरनाक स्थान बनता जा रहा है।

मामला हाथ से निकलता देखकर आस्ट्रेलिया को अग्नि-शमन का काम करना पड़ा रहा है। उसने टोकेनिज़म का सहारा लेते हुए पूर्वी आफ्रिका से आस्ट्रेलिया में आकर बसे भारतीय मूल के पीटर वर्गिस को राजदूत बनाकर भारत भेजा है। आस्ट्रेलिया पुलिस ने भी अपना रुख बदलकर इन हमलों के नस्लवादी स्वरूप को स्वीकारा है।

इधर भारत में भी इन हमलों के विरोध में कई तरह के पहल किए जा रहे हैं। सरकार तो अपना काम कर ही रही है, भारतीय नागरिक भी पीछे नहीं हैं। यहां अहमदाबाद में आस्ट्रेलिया में पढ़ रहे बच्चों के माता-पिताओं ने अपना एक संघ बना लिया है, जिसका नाम है, अनिवासी भारतीयों के अभिभावकों का संघ। उसका कार्यालय आकाशदीप अपार्टमेंट, अंबावाडी, अहमदाबाद में स्थापित किया गया है।

यह संगठन उन लोगों को सदस्य बनने के लिए आमंत्रित कर रहा है, जिनके बच्चे आस्ट्रेलिया में पढ़ रहे हैं। संघ का ध्येय है, जब भी किसी भारतीय पर हमला हो, तुरंत उसके शिकार हुए भारतीय मूल के व्यक्ति को मदद पहुंचाना और हर उपलब्ध मंच से इन हमलों का विरोध प्रकट करना।

यह संगठन इन हमलों को संयुक्त राज्य संघ में उठाने पर भी विचार कर रहा है। संगठन के अध्यक्ष दशरथ पटेल ने आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त को पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा है, “चूंकि आपकी सरकार ने हमारे बच्चों को आस्ट्रेलिया में पढ़ने के लिए वीजा दिया है, आपकी सरकार का यह फर्ज भी बनता है कि इन बच्चों की हिफाजत का इंतजाम भी करे और उन्हें इन हमलों से बचाए। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि बिना विलंब इन अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।“

उधर अमिताभ बच्चन द्वारा आस्ट्रेलिया के एक विश्वविद्यालय की डाक्टरेट की पदवी ठुकरा देने के बाद हिंदी फिल्म उद्योग ने भी यह निश्चय कर लिया है कि वह आस्ट्रेलिया में शूटिंग नहीं करेगा। आस्ट्रेलिया में कई फिल्मों की शूटिंग हुई है, जैसे दिल चाहता है, सलाम नमस्ते, और बचना ए हसीनो। बोलीवुड फिल्मों की शूटिंग से आस्ट्रेलिया को आमदनी तो होती ही है, उससे भी ज्यादा ढेर सारी पब्लिसिटी भी मिलती है, जिससे उसकी छवि भी सुधरती है और उसके पर्यटन उद्योग को भी लाभ पहुंचता है। अब हिंदी फिल्म निर्माताओं द्वारा आस्ट्रेलिया को ब्लैकलिस्ट कर देने से आस्ट्रेलिया इन सब फायदों से वंचित रह जाएगा।

एक आम आदमी की हैसियत से भी हम आस्ट्रेलिया में हो रही नस्लवादी हिंसा का विरोध करने के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं –

- आस्ट्रेलिया में बनी चीजों का बहिष्कार।
- छुट्टियां मनाने आस्ट्रेलिया न जाना।
- अपने बच्चों को आस्ट्रेलिया पढ़ने न भेजना।
- वहां पढ़ रहे बच्चों को वापस बुला लेना।
- आस्ट्रेलिया में बसने का विचार छोड़ना।
- आईपीएल आदि खेल प्रतियोगिताओं में आस्ट्रेलिया की टीम टीवी पर आने या किसी विज्ञापन में आने पर टीवी बंद कर देना या चैनल बदल देना।
- आस्ट्रेलिया के नस्लवाद के विरोध में अपने ब्लोगों में लिखना, अखबारों को इस विषय पर पत्र लिखना और आस्ट्रेलिया के अधिकारियों को ईमेल भेजना।

और भी कोई तरीका हो तो बताएं।

इन हमलों को लेकर मेरी भी एक थ्योरी है जो दूर की कौड़ी हो सकती है, पर मुझे वजनदार लगती है।

मेरा मानना है कि आर्थिक मंदी से तबाह हुए यूरोप में आस्ट्रेलिया के श्वेत नस्लवादियों को आस्ट्रेलिया में यूरोपीय मूल के गोरे लोगों को अधिकाधिक संख्या में ले आने काअवसर दिख रहा है। याद रहे कि आस्ट्रेलिया अभी हाल तक घोषित रूप से “श्वेत ही आस्ट्रेलिया में बस सकते हैं” वाली नीति पर चल रहा था। उसे यह नीति दूसरे महायुद्ध के बाद इसलिए बदलनी पड़ी क्योंकि इस युद्ध के बाद यूरोप में नवनिर्माण कार्य शुरू हुआ और यूरोप के सभी श्रमिकों को इसी में काम मिल गया। इससे यूरोप के गोरे आस्ट्रेलिया आदि को उत्प्रवास करने को प्रस्तुत नहीं हुए। झकमारकर आस्ट्रेलिया को अपनी नस्लवादी नीति बदलकर दूसरे देशों के लोगों के लिए भी आस्ट्रेलिया के दरवाजे खोलने पड़े। पर आस्ट्रेलिया में अभी भी ऐसे बहुत से लोग हैं, जो श्वेत आस्ट्रेलिया के सपने देखते हैं, उसी प्रकार जैसे भारत में कुछ लोग अब भी हिंदू राष्ट्र का सपना देखते हैं, हालांकि भारत के धर्मनिरपेक्ष संविधान के प्रभाव में आए 50 से भी अधिक साल हो चुके हैं।

अब यूरोप के सभी देशों की अर्थव्यवस्था धराशायी हो गई है। वहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और मुफलीसी एक बार फिर प्रकट हो गई है। आस्ट्रेलिया के श्वेत नस्लवादियों को इसमें अवसर नजर आ रहा है। वे सोच रहे हैं कि इन तंग हाल यूरोपियों को आस्ट्रेलिया में आकर बसाया जा सकता है। लेकिन यह तभी हो सकेगा जब आस्ट्रेलिया में इनके लिए नौकरियां हों। आस्ट्रेलिया स्वयं भी इस आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और उसकी अर्थव्यवस्था में और लोगों को नौकरी देने की क्षमता नहीं है। नौकरियां निर्मित करने का एक तरीका है भारतीयों पर हमले करके उन्हें डराना-धमकाना, ताकि वे आस्ट्रेलिया छोड़कर चले जाएं। उनके द्वारा खाली की गई जगहों पर यूरोप से आए श्वेतों को रखा जाए।

पोलैंड, चेकोस्लाविया, हंगरी आदि निर्धन यूरोपीय देशों में आस्ट्रेलिया के एमिग्रेशन एजेंटों की कारगुजारी पर हमें नजर रखना चाहिए। यदि वहां पिछले कुछ महीनों में उनके क्रियाकलापों के बढ़ जाने के प्रमाण मिले, तो यह इसका पक्का सबूत होगा कि भारतीयों पर हमले एक सोची-विचारी व्यापक रणनीति के तहत किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य भारतीयों को आस्ट्रेलिया से खदेड़ना है।

इस तरह के प्रयास अन्य देशों में भी पहले सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं, मसलन, युगांडा, कीनिया, फीजी, मोरीशियस, त्रिनिडाड, आदि। हमें इन देशों में अपने देशवासियों के अनुभवों से सीख लेनी चाहिए।

यदि हम आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हो रहे हमलों के सभी पक्षों पर बारीकी से विचार करते हुए अपनी रणनीति तय न करें, तो आने वाले कुछ दशकों में आस्ट्रेलिया से भी भारतीयों के पैर उसी प्रकार उखड़ जाएंगे, जैसे युगांडा, केनिया, आदि से उखड़े थे।

क्या लगता है आपको, आस्ट्रेलिया में हो रहे हमलों के पीछे यह साजिश भी हो सकती है?

Sunday, June 07, 2009

आस्ट्रेलिया में नस्लवाद की लंबी परंपरा है


आस्ट्रेलिया में नस्लवाद के अधिष्ठाता प्रधान मंत्री एल्फ्रेड डीकिन (1856 – 1919)



आस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के लोगों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा। एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 महीनों में, इस तरह के 1,447 हमले हुए हैं, यानी औसतन हर रोज 3-4 हमले। इनमें से अधिकांश हमलों की रिपोर्टों को स्वयं हमले के शिकार हुए भारतीय दबा देने के पक्ष में हैं, क्योंकि वे नहीं चाहते कि इसका बहाना बनाकर उन्हें आस्ट्रेलियाई सरकार भारत वापस भेज दे। पर पिछले कुछ दिनों में ये हमले एकदम से बढ़ गए हैं और अत्यंत उग्र रूप धारण कर गए हैं। राह चलते भारतीयों पर चाकू चला देना, उन्हें सुनसान जगहों में पाकर गोरों की टोलियों द्वारा पीटा जाना, उनके हाथ से लैपटोप, मोबाइल फोन आदि कीमती चीजें छीन लेना, उनके घरों में घुसकर लूटपाट करना, उनके वाहनों को जला देना, यह सब चिंताजनक स्तर तक बढ़ गया है।

आस्ट्रेलियाई सरकार इन हमलों पर पर्दा डालने की भरसक कोशिश कर रही है और यह साबित करने पर तुली है कि ये नस्लवादी हमले नहीं हैं। पर सचाई उनके सामने और सारे विश्व के सामने मुंह बाए खड़ी है।

आस्ट्रेलिया में नस्लवाद की लंबी परंपरा है। आस्ट्रेलिया के श्वेत मूल के समुदाय के आदि पुरुष सब ब्रिटन के बलात्कारी, हत्यारे, चोर-उचक्के, राजद्रोही आदि अपराधी थे। उन्हें सजा के रूप में आस्ट्रेलिया में उतार दिया जाता था। उनके आने से पहले आस्ट्रेलिया में स्थानीय निवासियों के लगभग 260 छोटे-बड़े राज्य थे। इन सबको इन अपराधी मानसिकता के लोगों ने नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। इस तरह आस्ट्रेलिया के निर्माता लोग मानव समुदाय के श्रेष्ठ जनों में से नहीं निकले थे, बल्कि मानव जाति की तलछट में से निकले गिरे हुए लोग थे। इसलिए यह देश उच्च आदर्शों का पोषक कभी नहीं रहा है, न ही कभी भी इस देश ने इसका दंभ भरा है। उसकी मंशा यही रही है कि वह ब्रिटन, और अब अमरीका का कृपापात्र बना रहे, और इसके लिए वह कुछ भी करने को तैयार रहता है।

आस्ट्रेलिया का कुल क्षेत्रफल 7,618,000 वर्ग किलोमीटर है, पर उसकी आबादी मात्र 2 करोड़ है। यानी वह बहुत ही कम बसा देशा है। इस देश में जितनी प्राकृतिक संपदा है उसके उचित उपयोग के लिए वहां लोगों की कमी है। इसलिए शुरू से ही आस्ट्रेलिया को बाहरी लोगों को अपने यहां आने का प्रोत्साहन देने की नीति अपनानी पड़ी है। पर नस्लवाद के चलते, शुरुआत में उसने केवल गोरों को वहां आने की अनुमति दी।

यह नीति 1901 में आस्ट्रेलिया के प्रधान मंत्री एल्फ्रेड डीकिन 1856 – 1919) ने विकसित की थी। वे मानते थे कि चीनी और जापानी मूल के लोगों से श्वेत आस्ट्रेलिया को खतरा है। इसलिए नहीं कि उनमें कोई बुरी आदत थी, बल्कि इसलिए कि "वे महनती हैं, सादा जीवन बिताते हैं, बुद्धिमान हैं, नई परिस्थितियों में बहुत जल्दी अपने आपको ढाल लेते हैं, अत्यंत ऊर्जाशील हैं, और उनमें काम करने का अदम्य उत्साह है।"

इसे पढ़कर आपको आश्चर्य हो रहा होगा, क्योंकि कोई भी देश इन गुणोंवाले लोगों को अपने यहां स्वागत करना चाहेगा। पर नस्लवाद की सोच और गणित और ही प्रकार का होता है। एल्फ्रेड डीकन नहीं चाहते थे कि गोरों के सिवा और कोई आस्ट्रेलिया में आए। इसकी व्यवस्था भी उन्होंने बड़े ही पक्के ढंग से की। उनकी प्रेरणा से आस्ट्रेलियाई संसद ने एक कानून पारित किया जिसके तहत यूरोपियों के सिवा अन्य लोगों के लिए आस्ट्रेलिया में आना अत्यंत कठिन हो गया। गैर-यूरोपियों को बाहर रखने के लिए आस्ट्रेलिया में आने के इच्छुक लोगों के लिए यह आवश्यक बना दिया गया कि वे किसी यूरोपीय भाषा में एक कठिन परीक्षा पास करें। उन दिनों जब विदेशी भाषाओं के पठन-पाठन के लिए अच्छी व्यवस्थाएं नहीं थीं, इस कानून का सीधा मतलब यह था कि योरोपियों के सिवा और कोई आस्ट्रेलिया में बस नहीं सकता था।

यह आजकल कनाडा, अमरीका, ब्रिटन, न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया आदि देशों की आप्रवास नीति की याद दिलाता है। ये देश भी अंग्रेजी की अच्छी जानकारी रखनेवाले व्यक्तियों को ही वहां बसने की अनुमति देते हैं। यह भी एक प्रकार का नस्लवाद ही है, जिसका विरोध नहीं किया जा रहा है, हालांकि किया जाना चाहिए।

खैर, 1901 में आस्ट्रिलिया में इमिग्रेशन रेस्ट्रिक्शन एक्ट (आप्रवास परिसीमन अधिनियम) पारित किया गया। इस अधिनियम को आस्ट्रेलिया संसद में भारी बहुमत प्राप्त हुआ। इससे पहले ही नस्लवादी नीतियां प्रचलन में आ गई थीं। उदाहरण के लिए चीनी मजदूरों से आवास कर के रूप में एक अतिरिक्त भारी कर लिया जाने लगा था, जो आजकल पाकिस्तान में तालिबान द्वारा सिक्खों से लिए जानेवाले जजिया के समान माना जा सकता है। फर्क इतना ही है कि तालिबान धर्म के नाम पर भेदभाव बरत रहे थे और आस्ट्रेलियाई सरकार नस्ल के आधार पर।

यह नस्लवादी कानून 50 वर्षों तक कायम रहा, यानी दूसरे महायुद्ध के अंत तक। इस युद्ध में यूरोप लगभग तबाह हो गया। ब्रिटन, जर्मनी, फ्रांस, इटली, रूस, पोलैंड, बेल्जियम आदि देशों के करोड़ों नागरिक युद्ध में मारे गए। इन देशों की फैक्टरियां, पुल, इमारतें, आदि संपत्तियां भी लगभग पूरी-पूरी नष्ट हो गईं। इन देशों को इन सबको दुबारा नए सिरे से निर्मित करने की आवश्यकता हुई। इसलिए यूरोप की समस्त मानव-शक्ति इस भगीरथ कार्य में जुट गई। इसलिए उधर आस्ट्रेलिया जाकर बसने के लिए यूरोपीय मूल के लोग मिलने बंद हो गए।

इससे आस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्था, खास करके ग्रामीण अर्थव्यस्था, बुरी तरह प्रभावित होने लगी। खेत में काम करनेवाले लोगों की किल्लत हो गई। तब झक मारकर आस्ट्रेलिया को अपने नस्लवादी कानून निरस्त करना पड़ा। यह काम अत्यंत धीरे-धीरे ही किया गया और इस कानून को पूरा हटने के लिए लगभग तीन दशक लगे। 1973 में कहीं जाकर वह पूरा निरस्त हो सका। तब तक जापान, कोरिया, चीन आदि देश इतने शक्तिशाली हो गए थे, कि आस्ट्रेलिया के लिए उन्हें नजरंदाज करना मुश्किल हो गया। दूसरे, चीन, वियतनाम, इंदोनीशिया आदि देशों में ही अतिरिक्त आबादी मौजूद थी जिन्हें आस्ट्रेलिया में आने के लिए फुसलाया जा सकता था। यह तभी संभव हो सकता था जब आस्ट्रेलिया की नस्लवादी छवि को पोंछ-पांछकर आकर्षक बनाया जाए। फिर भी 1975 तक आस्ट्रेलिया में नस्ल के आधार पर भेदभाव करना कानून की दृष्टि में मान्य रहा।

(डा. मुहम्मद हनीफ)

आधी शती तक आस्ट्रेलिया पर हावी रहे नस्लवादी व्यवस्था ने वहां के गोरों के मानसिकता में गहरी पैठ कर ली है, और आज भी कई आस्ट्रिलाई प्रच्छन रूप से नस्लवादी होते हैं। यह अनेक छोटी-मोटी घटनाओं से जाहिर होती रहती है। मसलन, अभी हाल में भारतीय मूल के डाक्टर मुहम्मद हनीफ को आस्ट्रेलियाई पुलिस ने आंतकी होने के मनगढ़ंत आरोप पर पकड़ लिया था और उन्हें देश से निकाल तक दिया था। पर अंत में वे निर्दोष साबित हुए। यह नस्लवाद आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के रवैए से भी खूब उजागर होता है।


(नस्लवादी आस्ट्रेलियाई नेता पोलिन हैन्सन)

आज भी आस्ट्रेलिया के नेता चुनाव के समय नस्लवाद का बिगुल बजाते हैं क्योंकि आस्ट्रेलया की गोरी जनता का एक बहुत बड़ा अंश इस तरह की अपीलों से खूब उत्साहित होता है। वर्ष 2007 में हुए चुनाव में एक प्रमुख आस्ट्रेलियाई नेता पोलिन हैन्सन ने आस्ट्रेलिया में गैर-यूरोपियों के आने पर रोक लगाने को मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया था। उसने इस मुद्दे को लेकर एक अलग पार्टि ही बना डाली थी, जिसका नाम है पोलिन्स युनाइटेड आस्ट्रिलिया पार्टी। यह पार्टी भारतीय जनता पार्टी, शिव सेना, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की याद दिलाती है, जो भी ‘भारत केवल हिंदुओं के लिए’ वाली नीति को लेकर चलते हैं।


आस्ट्रेलिया की नस्लवादी नीतियों का विषैला प्रभाव दुनिया के अन्य भागों में भी देखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि दक्षिण आफ्रीका की रंगभेदी नीति भी आस्ट्रेलिया के नस्लवादी नीतियों के तर्ज पर बनी है। इसी नीति के विरोध में गांधी जी ने दक्षिण अफ्रीका में लगभग 20 साल सत्याग्रह किया था। गोखले, तिलक आदि भारतीय नेताओं ने उन्हें खूब समर्थन दिया था। गोखले तो रंगभेद के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए और दक्षिण अफ्रीका में बसे भारतीय मूल के हिंदू, मुसलमान और ईसाई समुदायों के अधिकारों के हनन के विरोध में अपनी आवाज मिलाने के लिए दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर भी गए।

इसलिए आज आस्ट्रेलिया में जो नस्लवाद देखने में आ रहा है, वह कोई छिटपुट घटना नहीं है, बल्कि दशकों से चली आ रही वहां की नस्लवादी नीतियों का परिणाम है। विश्व समुदाय को इन घटनाओं की और आस्ट्रेलिया में परोक्ष रूप से प्रवर्तमान नस्लवाद की तीक्ष्ण से तीक्ष्ण शब्दों में निंदा करनी चाहिए, और उस पर आर्थिक प्रतिबंध आदि लगाकर जल्द-से-जल्द उसे रास्ते पर लाना चाहिए।

यह आशा जगानेवाली बात है कि इस मामले में चीन और भारत एक सुर में बोल रहे हैं। आज इन्हीं दो देशों से सर्वाधिक लोग आस्ट्रेलिया में बसने और वहां पढ़ने जाते हैं। इसलिए नस्लवाद के शिकार भी वे ही अधिक होते हैं। हमें आशा करनी चाहिए कि अन्य सभ्य देश भी चीन और भारत की पहल का अनुसरण करके आस्ट्रेलिया को नस्लवाद से मुक्त करने का बीड़ा उठाएंगे।

Wednesday, June 03, 2009

आरक्षण और अंग्रेजी

नई सरकार के बनने से यह विषय भी अब चर्चा में आ गया है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या नई सरकार आरक्षण की नीति पर पुनर्विचार करेगी? क्या निजी क्षेत्रों में आरक्षण आएगा?

आजादी के वक्त देश के नेताओं ने आरक्षण को समाजाकि अन्याय के निवारण हेतु एक अस्थायी उपाय के रूप में सामने रखा था, पर आज वह हमारे देश की राजनीति में गहरी जड़ें जमा चुका है।

आरक्षण की नीति लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांतों के विरुद्ध जाती है। लोकतंत्र में किसी के भी प्रति पक्षपात दिखाना अनुचित माना जाता है, जबकि आरक्षण में समाज के एक वर्ग को स्पष्ट रूप से आगे बढ़ाया जाता है। इससे राष्ट्र में वैमनस्य और कटुता को पनपने का मौका मिलता है, जो राष्ट्र को अंततः खोखला कर डालेगा।

इसलिए आरक्षण पर जरूर पुनर्विचार होना चाहिए। हां, यह जरूर है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं कर लिया जाता (जिसकी चर्चा नीचे की गई है) निजी क्षेत्र में भी आरक्षण ले आना चाहिए। यह इसलिए क्योंकि अब सरकारी नौकरियां सिमटने लगी हैं और सरकार भी व्यवसाय, बैंकिंग, बीमा, अनुसंधान, परिवहन, आदि तमाम क्षेत्रों से पीछे हट रही है और इन सभी क्षेत्रों में निजी पूंजी को फैलने का अवसर दिया जा रहा है। इसलिए नौकरियां भी निजी क्षेत्र में ही अधिक हैं, और बेहतर हैं। यदि आरक्षण के तर्क को माना जाए तो निजी क्षेत्र में भी अब आरक्षण होना ही चाहिए।

पर यदि आरक्षण को ही समाप्त करना हो, सरकारी क्षेत्र से भी और निजी क्षेत्र से भी, तो हमें पहले सर्वशिक्षा और सर्वपोषण (भूख उन्मूलन) की व्यवस्था करनी होगी। इसके साथ हमारे देश की दुहरी शिक्षण व्यवस्था को भी समाप्त करना होगा।

यहां अमीरों के लिए अंग्रेजी माध्यम के निजी स्कूल हैं, और गरीबों के लिए सरकारी हिंदी माध्यम के स्कूल। सरकारी स्कूलों में दलित वर्ग के लोग ज्यादा पढ़ते हैं। सभी नौकरियां अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के बच्चों को ही मिलती हैं। यह भी एक तरह का आरक्षण ही है, जो आरक्षण पर चर्चा करते समय सबकी आंखों से ओझल रहता है। यह अमीरों के लिए आरक्षण है, और इसका इस देश में अंग्रेजी के बने रहने के साथ गहरा संबंध है। इस परोक्ष आरक्षण के कारण आरक्षण की नीति से दलितों को कोई खास फायदा नहीं हो रहा है। उन्हें असली फायदा तब होगा जब देश से अंग्रेजी माध्यम के निजी स्कूल बंद करा दिए जाएंगे, और सभी के लिए देश की भाषाओं में समान शिक्षा की व्यवस्था होगी। लोकतंत्र भी इसी की मांग करता है। विशेषाधिकार का उसमें कोई स्थान नहीं है।

तब आईआईटी, आईआईएम, यूपीएससी आदि के दरवाजे हमारे दलितों के लिए खुलेंगे, और आरक्षण के बल पर नहीं, बल्कि अच्छी शिक्षा के बल पर। इससे उनका और देश का असली कल्याण होगा। इसी तरह केवल अंग्रेजी ज्ञान के बल पर जो इन सब दरवाजों से आसानी से पार पा जाते हैं, उनके लिए ये दरवाजे बंद हो जाएंगे। इस तरह प्रतिस्पर्धा अधिक निष्पक्ष हो जाएगी, और केवल श्रेष्ठ बुद्धि वाले बच्चे ही इन संस्थाओं में प्रवेश कर पाएंगे, इससे हमारे देश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, प्रशासन, व्यवसाय, उद्योग आदि तमाम क्षेत्रों में क्रांति का सूत्रपात हो जाएगा।

अभी हाल में इन्फोसिस के पूर्व प्रमुख नारायणमूर्ति एक टीवी इंटर्व्यू में उनके द्वारा किए गए एक सामाजिक प्रयोग के बारे में बता रहे थे। उनकी एक एनजीओ (गैरसरकारी संगठन) ने दलित वर्ग के कुछ बच्चों को अपनाकर उनके लिए शुरू से ही श्रेष्ठ शिक्षा, पोषक भोजन आदि की व्यवस्था की और उनकी प्रगति पर नजर रखता रहा। देखा गया कि 90 प्रतिशत दलित बच्चों का स्कूल में निष्पादन सामान्य वर्ग के बच्चों के समकक्ष था।

इससे यह पता चलता है कि यदि पूरे देश में सभी बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा और अच्छे पोषण की व्यवस्था की जा सके, तो आरक्षण जैसे शोटकट की आवश्यकता ही नहीं रहेगी।

सर्वशिक्षा और सर्वपोषण के अधिक दुष्कर कार्य की ओर ध्यान न देकर सरकार और संपन्न वर्ग आरक्षण की नीति पर जोर दे रहे हैं। ये संपन्न वर्ग अच्छी तरह जानते हैं कि आरक्षण से उनका कुछ नहीं बिगड़नेवाला है, क्योंकि उन्होंने देश में दुहरी शिक्षा व्यवस्था कायम कर ली है। सरकारी स्कूल दलितों और गरीबों के लिए, और उनके अपने बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम के निजी स्कूल और विदेशों की शिक्षा संस्थाएं। जब तक इस दुहरी व्यवस्था को समाप्त नहीं किया जाएगा, आरक्षण की बात करना हवा में किले बांधने के समान है।

इसलिए आरक्षण हटाने के साथ-साथ सर्वशिक्षा लाना होगा और अंग्रेजी माध्यम के अभिजातीय शिक्षण व्यवस्था को भी खत्म करना होगा। ये दोनों परस्पर जुड़ी बातें हैं।

हिन्दी ब्लॉग टिप्सः तीन कॉलम वाली टेम्पलेट